विजयवाड़ा मंडल में मालगाड़ी का खाली दूध टैंकर पटरी से उतरा, कोई हताहत नहीं

Ads

विजयवाड़ा मंडल में मालगाड़ी का खाली दूध टैंकर पटरी से उतरा, कोई हताहत नहीं

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 08:41 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 08:41 PM IST

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) दक्षिण मध्य रेलवे के विजयवाड़ा मंडल के कोम्मारपुडि रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह मालगाड़ी का एक खाली दूध टैंकर पटरी से उतर गया, जिससे चेन्नई मार्ग पर कुछ घंटों के लिए यातायात बाधित रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मालगाड़ी में दूध टैंकर लगे थे और इसका परिचालन हजरत निजामुद्दीन (नयी दिल्ली) से आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिला स्थित प्रमुख औद्योगिक केंद्र रेनिगुंटा के बीच होता है।

रेलवे के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘यह घटना मंगलवार सुबह 7:27 बजे घटी। मालगाड़ी होने के कारण कोई हताहत या घायल नहीं हुआ।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि विजयवाड़ा की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रहा, लेकिन चेन्नई की ओर का रेल यातायात लगभग दो घंटे तक प्रभावित रहा।’’

प्रवक्ता ने कहा कि रेलवे अधिकारियों ने यातायात को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए तुरंत बहाली के उपाय शुरू किए।

उन्होंने कहा, ‘‘ पूर्वाह्न करीब 9:45 बजे तक चेन्नई की ओर भी यातायात बहाल कर दिया गया था, जिससे उचित समय के भीतर दोनों दिशाओं में आवागमन सुनिश्चित हो गया।’’

प्रवक्ता ने बताया कि विजयवाड़ा मंडल ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक जांच समिति गठित की है।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश