बेंगलुरु, 16 मई (भाषा) पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा ने शनिवार को आरोप लगाया कि ‘बिदादी टाउनशिप’ परियोजना के नाम पर मुनाफाखोरी के लिए किसानों की जमीनें हड़पी जा रही हैं। उन्होंने इसके खिलाफ संघर्ष शुरू करने की भी घोषणा की।
जनता दल (सेक्युलर) के संरक्षक देवेगौड़ा ने बिना नाम लिए कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को निशाना बनाया, जो बेंगलुरु विकास मंत्री भी हैं।
वह बेंगलुरु दक्षिण जिले के बिदादी में 18,133 करोड़ रुपये की ग्रेटर बेंगलुरु एकीकृत उपनगरीय परियोजना का जिक्र कर रहे थे, जिसे 30 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई थी।
यह परियोजना बेंगलुरु दक्षिण जिले और रामनगर तालुक के नौ गांवों में लगभग 7,481 एकड़ क्षेत्र में फैली होगी। कुछ किसानों और स्थानीय ग्रामीणों ने इस परियोजना का विरोध किया है और भूमि अधिग्रहण के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
गौड़ा ने कहा, ‘‘यह सरकार व्यापारिक हितों के लिए किसानों की जमीनें हड़पने की कोशिश कर रही है। एक व्यक्ति ने कहा है, ‘‘अगर किसान मुझे पीटेंगे, तो मैं जमीन ले लूंगा।’ पहले वह जाकर किसानों का सामना करें, फिर मैं आकर बोलूंगा।’’
उन्होंने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, ‘‘मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया मेरे पुराने दोस्त और पूर्व सहकर्मी हैं। हमने साथ काम किया है। लेकिन मुझे इस बात का गहरा दुख है कि यहां जो कुछ हो रहा है, उस पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है।’’
देवेगौड़ा ने कहा कि उनके बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने पूर्व में जनविरोध के कारण शहर के आसपास की पांच टाउनशिप परियोजनाओं को रद्द कर दिया था।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप