चेन्नई, आठ मई (भाषा) तमिलनाडु में नयी सरकार बनाने के लिए आवश्यक संख्या बल जुटाने का प्रयास कर रही अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके की राह शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समर्थन देने की घोषणा से आसान हो गई तथा नवगठित दल के संस्थापक राज्यपाल से आज शाम को फिर से मिलने वाले हैं।
माकपा ने राज्य में सरकार बनाने के लिए टीवीके को बिना शर्त समर्थन दिया है, जबकि वीसीके ने कहा है कि वह शनिवार को अपना रुख स्पष्ट करेगी।
सूत्रों ने बताया कि भाकपा के प्रदेश सचिव एम. वीरपांडियन की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद, पार्टी ने समर्थन देने का फैसला किया और ‘‘सरकार गठन के लिए बिना शर्त समर्थन का पत्र’’ सौंपा। पत्र तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को संबोधित है।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की 108 सीटें हैं, लेकिन यह बहुमत के आंकड़े से 10 कम हैं।
टीवीके ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सहयोगी दलों मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भाकपा और विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) से संपर्क किया था तथा विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बाद सरकार बनाने के लिए उनका समर्थन मांगा था।
हालांकि, भाकपा, माकपा और वीसीके ने द्रमुक के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) के घटक दल के तौर पर चुनाव लड़ा था।
भाकपा, माकपा और वीसीके ने चुनाव में दो-दो सीटें जीती हैं। इससे पहले, द्रमुक की सहयोगी रही कांग्रेस, जिसने पांच सीटें जीतीं हैं, ने विजय की पार्टी को समर्थन दिया था।
इस बीच, एक आधिकारिक सूत्र के अनुसार, विजय शुक्रवार शाम को तमिलनाडु के राज्यपाल आर्लेकर से सरकार गठन के संबंध में मुलाकात करने वाले हैं।
सरकार बनाने के दावे को लेकर राज्यपाल के साथ यह उनकी तीन दिनों में तीसरी मुलाकात होगी।
टीवीके के एक सूत्र ने बताया कि राज्यपाल के साथ बैठक के दौरान विजय संभवतः सरकार बनाने के अपने दावे को दोहराएंगे।
वीसीके ने कहा कि वह टीवीके को समर्थन देने के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए वह शुक्रवार शाम को डिजिटल माध्यम से एक बैठक करेगी, हालांकि इसके सुबह के समय होने की उम्मीद थी।
वीसीके के संस्थापक थोल थिरुमावलवन ने कहा कि पार्टी की उच्च स्तरीय समिति शुक्रवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तमिलनाडु में मौजूदा ‘‘राजनीतिक स्थिति’’ पर चर्चा करने और सरकार गठन के संबंध में पार्टी की भविष्य की रणनीति पर निर्णय लेने के लिए बैठक करेगी।
टीवीके 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। हालांकि, वह बहुमत के लिए आवश्यक 118 के आंकड़े से कुछ पीछे रह गई, जिस वजह से उसे अन्य दलों के समर्थन की जरूरत पड़ी है।
भाषा
सुभाष दिलीप
दिलीप