गुजरात के राज्यपाल ने कुरुक्षेत्र में साइकिल चलाई, ईंधन बचाने की अपील की

Ads

गुजरात के राज्यपाल ने कुरुक्षेत्र में साइकिल चलाई, ईंधन बचाने की अपील की

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 03:52 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 03:52 PM IST

कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 14 मई (भाषा) गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने लोगों से सादा जीवन अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का बृहस्पतिवार को आग्रह करते हुए कहा कि नागरिकों को ईंधन की खपत कम करने के प्रयास करने चाहिए।

शताब्दी ट्रेन से कुरुक्षेत्र की यात्रा पर आए देवव्रत ने ईंधन संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए आधिकारिक काफिले का इस्तेमाल करने के बजाय रेलवे स्टेशन से गुरुकुल तक साइकिल से जाने का विकल्प चुना।

राज्यपाल की यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उस अपील के बाद सामने आई है, जिसमें उन्होंने ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों का समझदारी से उपयोग करने पर जोर दिया था।

रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने इसे पर्यावरण संबंधी जिम्मेदारी और प्रकृति संरक्षण में जनभागीदारी के बारे में जागरूकता पैदा करने की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।

देवव्रत हाल के दिनों में आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाले व्यापक अभियान के तहत सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और ईंधन बचाने के उपायों की वकालत करते रहे हैं।

इस सप्ताह की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर कदम उठाते हुए देवव्रत ने मंगलवार को घोषणा की कि पश्चिम एशिया की स्थिति सामान्य होने तक वह गुजरात के भीतर यात्रा के लिए हवाई सेवा का इस्तेमाल नहीं करेंगे और अपने काफिले में वाहनों की संख्या भी कम करेंगे।

उन्होंने गुजरात के विश्वविद्यालयों और राज्य प्रशासन से भी ईंधन बचाने के उपाय अपनाने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों और साइकिलों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की अपील की थी।

भाषा आशीष जितेंद्र पवनेश

पवनेश