नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद के बीच उच्च शिक्षा सचिव का तबादला कर पंचायती मंत्रालय भेजा गया

नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद के बीच उच्च शिक्षा सचिव का तबादला कर पंचायती मंत्रालय भेजा गया

नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद के बीच उच्च शिक्षा सचिव का तबादला कर पंचायती मंत्रालय भेजा गया
Modified Date: July 24, 2026 / 12:36 am IST
Published Date: July 24, 2026 12:36 am IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र कथित तौर पर लीक होने के खिलाफ देश में हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी का तबादला पंचायती राज मंत्रालय में कर दिया, साथ ही स्कूली शिक्षा सचिव पद पर भी नयी नियुक्ति कर दी।

जोशी 30 जून को संजय कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद स्कूली शिक्षा सचिव का पद भी संभाल रहे थे। वह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के कार्यवाहक अध्यक्ष भी थे।

अधिकारियों के मुताबिक जोशी का शिक्षा मंत्रालय से तबादला कर पंचायती राज मंत्रालय में सचिव के पद पर तैनात किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नरेश कुमार गंगवार को नया उच्च शिक्षा सचिव बनाया गया है जबकि स्कूली शिक्षा सचिव की जिम्मेदारी टी.के. अनिल कुमार को दी गई है।

गंगवार इससे पहले पशुपालन मंत्रालय में सचिव के पद पर तैनात थे, जबकि कुमार ग्रामीण विकास मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव थे।

नीट प्रश्नपत्र लीक के के आरोपों और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में मूल्यांकन में गड़बड़ियों की वजह से गत दो महीने से शिक्षा मंत्रालय विवादों के केंद्र में रहा है।

जोशी इससे पहले राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक और सीबीएसई के अध्यक्ष रह चुके हैं। मणिपुर में 2023 में जातीय हिंसा शुरू होने से बिगड़ने के बाद उन्हें वहां का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था।

विपक्ष संसद में नीट प्रश्नपपत्र लीक मामले पर चर्चा की मांग कर रहा है और इस विवाद से निपटने के तरीके को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के लिए भी दबाव बना रहा है।

भाषा धीरज रंजन

रंजन


लेखक के बारे में