हैदराबाद पुलिस ने क्यूनेट पिरामिड स्कीम धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई की
हैदराबाद पुलिस ने क्यूनेट पिरामिड स्कीम धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई की
हैदराबाद, 23 जुलाई (भाषा) हैदराबाद पुलिस ने अवैध मल्टी-लेवल मार्केटिंग (एमएलएम), मनी सर्कुलेशन और पिरामिड योजना चलाने के आरोप में क्यूनेट (एक कंपनी) से जुड़े पांच लोगों को गोवा के एक रिजॉर्ट से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, सभी आरोपी केरल के रहने वाले हैं और गोवा में कंपनी के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। बहु-लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत के बाद उन्हें 18 जुलाई को गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जिम के लिए जगह तलाशने के दौरान सोशल मीडिया के जरिए उसकी एक आरोपी से पहचान हुई। आरोपी ने उसे आकर्षक कारोबार का झांसा देकर नौ जुलाई को बेंगलुरु बुलाया और क्यूनेट (विहान डायरेक्ट सेलिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड) को क्यूआई समूह से जुड़ा वैध लग्जरी उत्पाद कारोबार बताकर 7.50 लाख रुपये निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शिकयातकर्ता पर गोवा में एक कार्यक्रम में शामिल होने के नाम पर 30 हजार रुपये तुरंत जमा कराने का भी दबाव बनाया गया।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद विशेष टीम ने गोवा में कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा। उन्हें ट्रांजिट वारंट पर हैदराबाद लाया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने लोगों से क्यूनेट या ऐसी किसी भी एमएलएम, पिरामिड अथवा मनी सर्कुलेशन योजना में निवेश या प्रचार से बचने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ पुरस्कार चिट और धन परिसंचरण योजना (बैंकिंग) अधिनियम 1978 के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
भाषा
राखी रंजन
रंजन

Facebook


