आईआईटी की सहायक प्रोफेसर ने पति पर लगाया घरेलू हिंसा का आरोप, मुकदमा दर्ज

आईआईटी की सहायक प्रोफेसर ने पति पर लगाया घरेलू हिंसा का आरोप, मुकदमा दर्ज

आईआईटी की सहायक प्रोफेसर ने पति पर लगाया घरेलू हिंसा का आरोप, मुकदमा दर्ज
Modified Date: July 30, 2026 / 10:27 pm IST
Published Date: July 30, 2026 10:27 pm IST

कानपुर (उप्र), 30 जुलाई (भाषा) कानपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की एक सहायक प्रोफेसर ने संस्थान में ही कार्यरत अपने प्रोफेसर पति पर घरेलू हिंसा और जबरन यौन संबंध बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि ‘कॉग्निटिव साइंस’ विभाग में कार्यरत सहायक प्रोफेसर ने इसी विभाग में प्रोफेसर के पद पर तैनात अपने पति पर 2025 के आखिर से ही घरेलू हिंसा, शारीरिक मारपीट, मानसिक प्रताड़ना, आपराधिक धमकी और जबरदस्ती यौन संबंध बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कल्याणपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और सुबूत मिलने के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतकर्ता ने मुकदमे में यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने अपनी एक पूर्व पीएचडी छात्रा से प्रेम प्रसंग की बात कुबूल की थी और उनके अब भी एक महिला सहकर्मी के साथ नाजायज रिश्ते हैं।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता सहायक प्रोफेसर ने दावा किया है कि इन कथित रिश्तों के बारे में पूछने पर उनके साथ बार-बार मारपीट और धमकी देने की घटनाएं हुईं।

सूत्रों के अनुसार, शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मना करने के बावजूद पति ने शिकायतकर्ता से जबरदस्ती यौन संबंध बनाने की कोशिश की, ईमेल के जरिये वकीलों के साथ अपनी निजी जिंदगी की अंतरंग बातें साझा कीं जिससे उन्हें इतना सदमा पहुंचा कि उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।

कल्याणपुर के सहायक पुलिस आयुक्त दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि सहायक प्रोफेसर की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और बयान तथा अन्य सुबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘जांच के नतीजों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

भाषा सं. सलीम शफीक

शफीक


लेखक के बारे में