तमिलनाडु में 101 विधायक पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं; टीवीके को समय दिया जाना चाहिए: चिदंबरम

Ads

तमिलनाडु में 101 विधायक पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं; टीवीके को समय दिया जाना चाहिए: चिदंबरम

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 05:52 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 05:52 PM IST

शिवगंगा (तमिलनाडु), 11 जून (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने बृहस्पतिवार को आलोचकों और मीडिया से अपील की कि वे तमिलनाडु में नवगठित तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार को काम संभालने के लिए पर्याप्त समय दें। उन्होंने नयी सरकार के सामने आने वाली प्रशासनिक चुनौतियों का भी जिक्र किया।

चिदंबरम ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘वे (टीवीके) अभी-अभी सत्ता में आए हैं। उनमें से 31 मंत्रियों को विधानसभा का कोई पिछला अनुभव नहीं है। 101 विधायक पहली बार विधानसभा में आए हैं। हमें उन्हें समय देना चाहिए, किसी भी नयी सरकार को समय दिया जाना चाहिए।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मंत्रियों के लिए अपने-अपने विभागों की बारीकियों को समझने के लिए तीन से छह महीने का समय मिलना जरूरी है।

मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की सरकार का समर्थन करने के कांग्रेस के फैसले को सही ठहराते हुए, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य वैचारिक रुख उनकी पार्टी के सिद्धांतों से पूरी तरह मेल खाता है।

चिदंबरम ने कहा, ‘‘वे (टीवीके) कहते हैं कि वे राज्य के अधिकारों की रक्षा करेंगे। क्या टीवीके सरकार का समर्थन करने के लिए ये दो कारण – धर्मनिरपेक्षता और राज्य के अधिकार की रक्षा – काफी नहीं हैं? जब तक वे इन बुनियादी विचारधाराओं से नहीं भटकते, तब तक उनका समर्थन करने में क्या बुराई है?’’

उन्होंने बताया कि भाकपा, माकपा, वीसीके और आईयूएमएल जैसे अन्य प्रमुख सहयोगियों ने भी स्थिरता बनाए रखने और राजनीतिक गतिरोध को रोकने के लिए समर्थन दिया।

चिदंबरम ने कहा कि टीवीके का समर्थन नहीं करने पर नये सिरे से चुनाव हो सकते थे या राष्ट्रपति शासन लग सकता था। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रपति शासन लगने से भाजपा ‘‘परोक्ष रूप से सत्ता में आ जाती।’’

भाषा

शफीक मनीषा

मनीषा