दुमका। झारखंड में जबरन धर्मांतरण कराने की कोशिश में 7 महिलाओं समेत 16 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। मामला दुमका जिले के फूलपहाड़ी गांव का बताया जा रहा है। सभी आरोपी अभी जेल भेज दिए गए हैं।
इस मामले में शिकायत करने वाले रमेश मुर्मू का आरोप है कि ये सभी आरोपी पहले तो गांव में जबरदस्ती घुसे और फिर संथाल आदिवासियों को जबरन ईसाई धर्म कबूल करवाया। आरोपियों पर एक आरोप ये भी है कि उन्होंने आदिवासियों को उनके अपने पूजा स्थल जाहेरथान जाने से रोका।
यह भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट ने कहा- बाहरी नमाज़ी नहीं पढ़ सकेंगे ताजमहल में नमाज़
गांव वालों ने आरोपियों को पकड़कर रातभर गांव में ही रखा और सुबह पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 295(A)/34 और झारखंड धर्म स्वतंत्र अधिनियम की धारा 4 के अंतर्गत मामला कायम कर उन्हें जेल भेज दिया है।
बताया गया कि ये सभी आरोपी एक मिनी बस से गांव में पहुंचे थे और माइक लगाकर धर्म का प्रचार कर रह थे। यहां तक तो मामला ठीक था, लेकिन हालात तब बिगड़े जब उन लोगों ने स्थानीय लोगों पर धर्मांतरण के लिए जबरन दबाव बना रहे थे। जब गांव वालों ने ऐसा करने से इनकार किया उसके बाद भी वे नहीं रुके। ऐसे में गांव वालों ने उन्हें बंधक बना लिया और पुलिस को सूचना दी।
वेब डेस्क, IBC24