मंगलुरु (कर्नाटक), 27 अप्रैल (भाषा) मंगलुरु से मैसुरु के लिए यात्रा कर रही एक महिला ने ट्रेन में बच्चे को जन्म दिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार रविवार को यात्रा के दौरान महिला यात्री को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसके बाद चिकित्सा सहायता के लिए ट्रेन को बंटवाल तालुका के बीसी रोड स्टेशन पर रोका गया।
हालांकि, ट्रेन रुकने के करीब आधे घंटे तक कोई डॉक्टर मौके पर नहीं पहुंच सका।
तत्काल चिकित्सा सहायता के अभाव में सह यात्रियों ने आगे आकर मदद की और ट्रेन के शौचालय में ही प्रसव कराया।
सूत्रों ने बताया कि प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
गोशेन अस्पताल के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के अनुसार, प्रारंभिक देखरेख के बाद मां और बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि प्रसव कठिन परिस्थितियों में हुआ, लेकिन दोनों की स्थिति स्थिर है।
प्रसव में मदद करने वाली दो महिलाओं के प्रयासों की सराहना की जा रही है क्योंकि जब जच्चा-बच्चा को बीसी रोड स्टेशन से लगभग 22 किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचाया गया तो पाया कि न तो अधिक रक्तस्राव हुआ था तथा न ही कोई अन्य जटिलता थी।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि नवजात शिशु को ‘इनक्यूबेटर’ में रखा गया है और महिला की सामान्य चिकित्सीय देखभाल की जा रही है।
रेलवे पुलिस बल के अधिकारियों ने भी महिला को अस्पताल पहुंचाने में सहायता की। मैसुरु की निवासी महिला घटना के समय अपने घर जा रही थी।
भाषा सं राजेंद्र
मनीषा खारी
खारी