कश्मीर: पर्वतीय बचाव इकाई ने अमरनाथ यात्रा मार्ग पर आपातकालीन राहत एवं बचाव अभ्यास किया

Ads

कश्मीर: पर्वतीय बचाव इकाई ने अमरनाथ यात्रा मार्ग पर आपातकालीन राहत एवं बचाव अभ्यास किया

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 04:34 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 04:34 PM IST

श्रीनगर, 28 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस के पर्वतीय बचाव दल (एमआरटी) ने रविवार को अमरनाथ यात्रा की तैयारियों के तहत अनंतनाग जिले में बाबा बर्फानी के गुफा मंदिर के मार्ग पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आपातकालीन राहत एवं बचाव अभ्यास किया।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने ‘एक्स’ पर बताया कि दल ने गुफा मंदिर के पहलगाम मार्ग पर महागुणस टॉप में यह अभ्यास किया।

अधिकारी ने बताया कि इन अभ्यासों का मुख्य उद्देश्य पर्वत पर आपदा में बचाव अभियान चलाना, घायलों को सुरक्षित निकालना और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों को मजबूत करना था।

उन्होंने बताया कि इस अभ्यास से तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के जम्मू-कश्मीर पुलिस के संकल्प को और मजबूती मिली है।

वार्षिक अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी और 57 दिनों के बाद 28 अगस्त को संपन्न होगी।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से दक्षिण कश्मीर हिमालय क्षेत्र की यात्रा के दौरान सेवा प्रदाताओं की पृष्ठभूमि की जांच के लिए ‘पहचान’ ऐप का उपयोग करने की अपील की।

प्रवक्ता ने बताया, “इससे यह सुनिश्चित होगा कि श्रद्धालु केवल सत्यापित और पंजीकृत सेवा प्रदाताओं के संपर्क में आएं। इससे धोखाधड़ी, फर्जी पहचान और अधिक शुल्क वसूलने जैसे मामलों को रोकने में भी मदद मिलेगी।”

भाषा जितेंद्र देवेंद्र

देवेंद्र