केरल सरकार ने आरलम क्षेत्र में उत्पात मचा रहे जंगली हाथी को पकड़ने का दिया आदेश

Ads

केरल सरकार ने आरलम क्षेत्र में उत्पात मचा रहे जंगली हाथी को पकड़ने का दिया आदेश

  •  
  • Publish Date - July 26, 2026 / 03:46 PM IST,
    Updated On - July 26, 2026 / 03:46 PM IST

कन्नूर (केरल), 26 जुलाई (भाषा) केरल सरकार ने कन्नूर के आरलम फार्म क्षेत्र में उपद्रव मचा रहे एक जंगली हाथी को पकड़ने और उसके गले में ‘रेडियो कॉलर’ लगाने के बाद उसे मानव बस्तियों से दूर घने जंगल में छोड़ने का आदेश दिया है।

केरल के पर्यावरण मंत्री सन्नी जोसेफ ने कहा कि सरकार ने यह फैसला ‘केएम1’ नामक हाथी के लगातार फार्म क्षेत्र में घुसने और पास की पुनर्वास कॉलोनी में दहशत फैलाने के कारण लिया है।

मंत्री ने बताया कि वन मंत्री को मामले की गंभीरता से अवगत कराए जाने के बाद मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने हाथी को बेहोश कर पकड़ने की अनुमति दे दी है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सभी दिशानिर्देशों के अनुरूप चलाया जाएगा।

जोसेफ ने बताया कि हाथी के गले में इस तरह से रेडियो कॉलर लगाया जाएगा कि उसे अत्यधिक तनाव या परेशानी न हो। इसके माध्यम से उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि वन विभाग की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ‘केएम1’ जंगल की सीमा पर लगाई गई बाड़ को तोड़कर लगातार रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर रहा था और बिना उकसावे के घरों, वाहनों तथा खेत में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहा था।

मंत्री ने बताया कि रिपोर्ट के अनुसार, यह हाथी वर्ष 2008 से आरलम क्षेत्र में आने वाले हाथियों के झुंड में सबसे बड़ा है। उन्होंने कहा कि संभवत: इसी हाथी ने 27 फरवरी को आरलम क्षेत्र में अनीश नामक व्यक्ति की जान ली थी।

भाषा प्रचेता सुभाष

सुभाष