शिवकाशी (तमिलनाडु), 26 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में सेंगामलपट्टी के निकट एक कृषि शेड में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्टरी में रविवार सुबह हुए भीषण विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में से एक की पहचान 38 वर्षीय रामप्रकाश के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।
रामप्रकाश के भाई 40 वर्षीय रामचंद्रन करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों भाई अधिकारियों की नजर से बचने के लिए अवैध रूप से पटाखों का निर्माण कर रहे थे।
उन्होंने बताया, ‘वे कृषि भूमि में बने एक शेड में गुप्त रूप से यह काम करते थे और रात में पटाखों का निर्माण करते थे। इस शेड का इस्तेमाल सामान्य तौर पर कृषि उपकरण और कभी-कभी फसल रखने के लिए किया जाता था।’
अधिकारी ने कहा कि इस गतिविधि को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था और गांव के लोगों को भी परिसर में विस्फोटक सामग्री के निर्माण या भंडारण की जानकारी नहीं थी।
रविवार सुबह हुए विस्फोट में टिन से बना अस्थायी शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वहां धुआं फैल गया। दमकल एवं बचाव दल तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचें, आग पर काबू पाया और मलबे से पीड़ितों को बाहर निकाला।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दूसरे मृतक की पहचान तथा विस्फोट के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप