शाह पर खरगे की टिप्पणी ‘कांग्रेस की तुच्छ मानसिकता’ : भाजपा

शाह पर खरगे की टिप्पणी ‘कांग्रेस की तुच्छ मानसिकता’ : भाजपा

शाह पर खरगे की टिप्पणी ‘कांग्रेस की तुच्छ मानसिकता’  : भाजपा
Modified Date: July 30, 2026 / 09:43 pm IST
Published Date: July 30, 2026 9:43 pm IST

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) राज्यसभा में बृहस्पतिवार को गृह मंत्री अमित शाह के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उनकी पार्टी की ‘‘तुच्छ मानसिकता’’ को दर्शाता है।

भाजपा की प्रतिक्रिया खरगे के उस बयान के बाद आई, जिसमें उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के लिए शाह को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा था कि एक दिन ‘‘जनशक्ति’’ उन्हें जवाबदेह ठहराने के लिए ‘‘खींचकर बाहर लाएगी।’’

राज्यसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान सदन में नेता प्रतिपक्ष खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और शाह की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाया था।

उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने (कथित पुलिस कार्रवाई पर) सदन में कोई बयान नहीं दिया।

भाजपा के राज्यसभा सदस्य और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पलटवार करते हुए कहा कि गृह मंत्री के बारे में खरगे की टिप्पणी कांग्रेस की ‘‘तुच्छ मानसिकता और पराजित मानसिकता’’ को दर्शाता है।

त्रिवेदी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गृह मंत्री के लिए बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। हमने सदन में इसका पुरजोर विरोध किया। हालांकि, हमारे विरोध के बाद उन्होंने अपनी टिप्पणी में संशोधन किया, लेकिन उनकी असली मानसिकता उजागर हो गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे पहले हमने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते देखा और आज राज्यसभा में भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली।’’

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ खरगे और राहुल गांधी की टिप्पणियां उनकी ‘‘हताशा’’ को दर्शाती हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘जनता लगातार आपको नकार रही है। ऐसी भाषा के इस्तेमाल से आप लोगों की नजरों में भी गिर गए हैं।’’

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में