तिरुवनंतपुरम, 24 सितंबर (भाषा) केरलम राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर वह 26 सितंबर से दो अक्टूबर तक ‘सेवा एवं स्वच्छता सप्ताह’ मनाएगा।
केएसआरटीसी ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि गांधी जयंती के तहत जनता तक स्वच्छता और सेवा का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए सप्ताह भर कई गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
निगम ने कहा कि इस दौरान केएसआरटीसी की सभी इकाइयों और कार्यशालाओं में स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे।
पोस्ट में कहा गया कि विभिन्न परिसर, कार्यशालाओं और यात्री सुविधाओं वाले क्षेत्रों की सफाई एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
केएसआरटीसी ने बताया कि इन स्वच्छता गतिविधियों में स्थानीय शिक्षण संस्थानों, विशेष रूप से राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और स्टूडेंट पुलिस कैडेट जैसे समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं।
निगम ने कहा कि ‘सेवा एवं स्वच्छता सप्ताह’ के माध्यम से कर्मचारियों, छात्रों और आम जनता की सामूहिक भागीदारी से स्वच्छता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
भाषा संतोष
संतोष