लातेहार (झारखंड), छह मार्च (भाषा) झारखंड के लातेहार जिले में एक जंगली हाथी ने एक बुज़ुर्ग आदमी को कुचलकर मार डाला। एक वन अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे चंदवा थाना क्षेत्र के भंडार टोली गांव में घटी। मृतक की पहचान टिभरू गंझू के तौर पर हुई है।
चंदवा वन रेंज अधिकारी नंद कुमार मेहता ने कहा, ‘‘परिवार के मुताबिक, गंझू रात में शौच के लिए घर से बाहर गया था। रास्ता भटक गए एक जंगली हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया।’’
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची और मृतक के परिवार को तुरंत 40,000 रुपये की मदद दी।
मेहता ने कहा कि बाकी मुआवजा सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार को दिया जाएगा।
हाथी के हमले में किसी व्यक्ति की मौत होने पर झारखंड सरकार चार लाख रुपये मुआवजा देती है।
भाषा वैभव मनीषा
मनीषा