गुवाहाटी, 20 अप्रैल (भाषा) प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक मणिपुरी उग्रवादी को गुवाहाटी में गिरफ्तार किया गया है। असम पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आतंकवादी को शनिवार शाम शहर के पलटन बाजार इलाके से पकड़ा गया।
अधिकारी ने कहा, ‘सैन्य खुफिया विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, गुवाहाटी पुलिस ने अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप पीएलए नेता की गिरफ्तारी हुई। वह शहर के बेहरबारी इलाके में रह रहा था, लेकिन उसे पलटन बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया।’
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी कथित तौर पर घात लगाकर हमला करने और अवैध हथियारों की तस्करी सहित कई आपराधिक मामलों में शामिल है।
अधिकारी ने बताया कि उसके पास से आपत्तिजनक दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त कर लिए गए हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘चूंकि वह मणिपुर में वांछित उग्रवादी है, इसलिए उस राज्य की पुलिस उसे हिरासत में लेगी।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश