एनएचआरसी ने हवालात में महिला के ’सामूहिक बलात्कार’ पर मप्र सरकार, पुलिस, जेल प्रमुखों को भेजा नोटिस

Ads

एनएचआरसी ने हवालात में महिला के ’सामूहिक बलात्कार’ पर मप्र सरकार, पुलिस, जेल प्रमुखों को भेजा नोटिस

  •  
  • Publish Date - October 19, 2020 / 06:31 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:06 PM IST

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हवालात में पांच पुलिसकर्मियों द्वारा एक महिला के साथ कथित रूप से सामूहिक बलात्कार किए जाने की खबरों को लेकर मध्य प्रदेश सरकार, राज्य पुलिस और जेल प्रमुखों को नोटिस जारी किए हैं।

एनएचआरसी ने खबरों के हवाले से एक बयान में कहा कि यह कथित घटना मई में हुई और जिला न्यायाधीश के संज्ञान में यह मामला पांच महीने के बाद आया। जेल के वार्डन में भी उच्च प्राधिकारियों को इस मामले की जानकारी देने का ‘‘साहस नहीं था’’।

एनएचआरसी ने ‘‘हवालात में पांच पुलिसकर्मियों द्वारा सामूहिक बलात्कार किए जाने के संबंध में महिला के आरोपों का स्वत: संज्ञान लेने के बाद प्रमुख सचिव, पुलिस महानिदेशक और मध्य प्रदेश के कारागारों के महानिदेशक’’ को नोटिस जारी किए।

बयान के मुताबिक आयोग ने पुलिस के उप महानिरीक्षक स्तर के नीचे के अधिकारी से मामले की जांच नहीं कराने का निर्देश दिया है।

भाषा सिम्मी प्रशांत

प्रशांत