‘ऑपरेशन सिंदूर’ में सक्रिय पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल कॉजपा प्रदर्शन के बीच अफवाहें फैला रहे: पुलिस
'ऑपरेशन सिंदूर' में सक्रिय पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल कॉजपा प्रदर्शन के बीच अफवाहें फैला रहे: पुलिस
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उसने जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से भ्रामक सूचना फैलाने वाले 480 से अधिक पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल की पहचान की है।
पुलिस का कहना है कि यही हैंडल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी सक्रिय थे।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि कुछ पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल मौजूदा स्थिति का फायदा उठाकर अफवाहें, फर्जी पोस्ट और संपादित वीडियो प्रसारित कर रहे हैं, जिनका उद्देश्य विशेष रूप से छात्रों को भड़काना है।
अधिकारी ने कहा, “अब तक 480 से अधिक पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल की पहचान की जा चुकी है। इन्हें अवरुद्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। यही हैंडल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी सक्रिय थे।”
उन्होंने कहा कि इन खातों का मुख्य उद्देश्य अपुष्ट और भ्रामक सामग्री प्रसारित कर लोगों, विशेषकर छात्रों, को उकसाना है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे फर्जी पोस्ट, संपादित वीडियो और गुमनाम सोशल मीडिया खातों से साझा की जा रही जानकारी के झांसे में न आएं।
अधिकारी ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी सामग्री को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करने और अफवाहें फैलाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा, “असामाजिक तत्वों को आपकी भावनाओं पर नियंत्रण न करने दें।”
अधिकारी ने यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस नागरिकों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करती है और लोगों से शांति बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
भाषा
राखी रंजन
रंजन

Facebook


