पीएमके नेता अंबुमणि ने केंद्र से सीडब्ल्यूएमए की बैठक स्थगित करने का आग्रह किया

Ads

पीएमके नेता अंबुमणि ने केंद्र से सीडब्ल्यूएमए की बैठक स्थगित करने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 03:15 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 03:15 PM IST

चेन्नई, 27 अप्रैल (भाषा) पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) नेता डॉ. अंबुमणि रामदास ने सोमवार को केंद्र से आग्रह किया कि तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में नयी सरकार के गठन तक कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (सीडब्ल्यूएमए) की बैठक स्थगित कर दी जाए, ताकि नयी सरकारों के प्रतिनिधियों की भागीदारी आगामी बैठक में सुनिश्चित हो सके।

तमिलनाडु और पुडुचेरी को कावेरी जल की आपूर्ति के प्रावधान पर चर्चा करने के लिए सीडब्ल्यूएमए की 50वीं बैठक 29 अप्रैल को राष्ट्रीय राजधानी में प्रस्तावित है।

रामदास ने एक बयान में कहा, ‘‘बैठक में चार राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होते हैं। तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल को पूर्ण अधिकार दिए बिना बैठक का आयोजन अस्वीकार्य है।’’

पुडुचेरी और केरल में विधानसभा चुनाव नौ अप्रैल को हुए थे, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान हुआ। परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।

रामदास ने कहा कि अगर सीडब्ल्यूएमए की बैठक में कावेरी प्राधिकरण और उच्चतम न्यायालय के फैसलों के आधार पर कर्नाटक के बांधों से केवल तमिलनाडु को पानी छोड़ने पर चर्चा होती है, तो इसमें कोई समस्या नहीं होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, कावेरी नदी पर मेकेदातु बांध के निर्माण के लिए किसी भी तरह से मंजूरी हासिल करने की कोशिश कर रही कर्नाटक सरकार मौजूदा स्थिति का फायदा उठाने और सीडब्ल्यूएमए की बैठक में मेकेदातु बांध पर चर्चा और निर्णय लेने पर जोर देने के लिए दृढ़ संकल्पित है।’’

उन्होंने कहा, ‘यदि बैठक में मेकेदातु बांध के मुद्दे पर चर्चा होती है, तो बैठक में भाग लेने वाले तमिलनाडु के जल संसाधन सचिव को कोई मार्गदर्शन नहीं दिया जाएगा।’

पीएमके नेता ने कहा कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव हाल ही में संपन्न हुए हैं। वर्तमान सरकार कोई भी नीतिगत निर्णय नहीं ले सकती।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में अगर बैठक में शामिल अधिकारी गलत रुख अपनाते हैं, तो इससे तमिलनाडु को काफी नुकसान हो सकता है।’’

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश