प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस ने फोन किया

Ads

प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस ने फोन किया

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 12:53 AM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 12:53 AM IST

नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन किया और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच व्यापार, रक्षा और ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्रों में भारत-अमेरिका के व्यापक वैश्विक रणनीतिक संबंधों को बढ़ाने पर चर्चा की।

दोनों नेताओं ने उभरती प्रौद्योगिकियों और अहम खनिजों के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के अपने संकल्प को भी दोहराया।

मोदी ने वेंस और उनकी पत्नी उषा को उनके बेटे के जन्म पर बधाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी को वेंस का यह फोन तुर्किये, सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद आया है। इस समझौते को पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच एक नए क्षेत्रीय गठबंधन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से फोन पर बात हुई। हमने प्रमुख क्षेत्रों में भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।’’

मोदी ने कहा, ‘‘मैंने वेंस और उनकी पत्नी को उनके बेटे के जन्म पर बधाई दी तथा पूरे परिवार को शुभकामनाएं दीं।’’

भारत की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मोदी और वेंस ने भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की।

बयान में कहा गया, ‘‘उन्होंने व्यापार, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों, ऊर्जा सुरक्षा तथा महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।’’

इसमें कहा गया, ‘‘दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।’’

अमेरिकी पक्ष ने अभी तक बातचीत के बारे में कोई विवरण नहीं दिया है।

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल