प्रियंका गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की

Ads

प्रियंका गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 26, 2026 / 06:03 PM IST,
    Updated On - September 26, 2026 / 06:03 PM IST

मलप्पुरम (केरलम), 26 सितंबर (भाषा) कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने चुनाव आयुक्त को दिये गये कानूनी संरक्षण को हटाने की मांग करते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि ऐसा संरक्षण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने निर्वाचन आयोग को जवाबदेही से बचाने के लिए प्रदान किया था।

प्रियंका ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग की और कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ उन्हें हटाये जाने की मांग को लेकर एकजुट है।

वायनाड लोकसभा सीट से सांसद प्रियंका ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘ चुनाव आयुक्त को दिये गये कानूनी संरक्षण को हटाया जाना चाहिए। यह संरक्षण भाजपा सरकार ने चुनाव आयुक्त को उनके किसी भी कृत्य के लिए जवाबदेही से बचाने के उद्देश्य से प्रदान किया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यदि कोई व्यक्ति देश, हमारे संविधान या भारत के खिलाफ गैरकानूनी काम कर रहा है, तो उसके द्वारा किए गए आपराधिक कृत्य के लिए उस पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए। यह देशद्रोह है और इसके लिए उस पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए।’’

प्रियंका ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयुक्त को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा, ‘‘यदि कोई चुनाव आयुक्त लोकतंत्र के खिलाफ इतने गंभीर अपराध कर रहा है, तो नेतृत्व के समर्थन के बिना ऐसा करना व्यावहारिक रूप से असंभव है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी तत्काल मांग है कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें। ‘इंडिया’ गठबंधन इस मांग को लेकर एकजुट है। गठबंधन का प्रत्येक नेता इस बात से पूरी तरह सहमत है कि जो कुछ हो रहा है, वह पूरी तरह गैरकानूनी और असंवैधानिक है।’’

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप