लोकसेवक विकसित भारत के निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका: भजनलाल शर्मा

Ads

लोकसेवक विकसित भारत के निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका: भजनलाल शर्मा

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 04:16 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 04:16 PM IST

जयपुर, 28 जून (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लोकसेवकों से अपने सेवाकाल को विकसित भारत के निर्माण के लिए समर्पित करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

शर्मा ने रविवार को सिविल सेवा परीक्षा और भारतीय वन सेवा परीक्षा-2025 में चयनित राजस्थान के अभ्यर्थियों से संवाद किया और इस दौरान युवा अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर ही सिविल सेवा परीक्षा में सफलता का सपना साकार किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इस परीक्षा के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलता है।

शर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों से आह्वान किया कि वे अपने सेवाकाल में कर्मभूमि के साथ-साथ मातृभूमि की सेवा करें और उसके प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।

उन्होंने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से युवाओं को लोकसेवक बनने का अवसर मिलता है, इसलिए वे विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के प्रयासों को गति दें। साथ ही, यह सुनिश्चित करें कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने सफल अभ्यर्थियों से आने वाली पीढ़ी को भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने विकास का व्यापक खाका तैयार कर उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से पानी और बिजली के क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। साथ ही, उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर अनुज अग्निहोत्री, पक्षाल सेक्रेटरी, प्रवीण रत्नू, अदिति अरोड़ा और अनीता सहित अन्य सफल अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने इन अभ्यर्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण भी सुना।

भाषा पृथ्वी खारी

खारी