पंजाब : अस्पताल से वापस ले जाते समय हथकड़ी पहने कैदी ने पुलिसकर्मी पर हमला किया, मुठभेड़ में ढेर

Ads

पंजाब : अस्पताल से वापस ले जाते समय हथकड़ी पहने कैदी ने पुलिसकर्मी पर हमला किया, मुठभेड़ में ढेर

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 06:21 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 06:21 PM IST

होशियारपुर (पंजाब), 16 मई (भाषा) होशियारपुर में शनिवार को स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाये गए एक कैदी ने अस्थमा से पीड़ित पुलिस कांस्टेबल पर धारदार हथियार से हमला किया और हिरासत से भागने की कोशिश की, हालांकि जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से कैदी की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 1:30 बजे हुई जब चार पुलिसकर्मी होशियारपुर स्थित केंद्रीय जेल से तीन कैदियों को चिकित्सा जांच के लिए सिविल अस्पताल लेकर आए थे।

एसएसपी ने बताया कि स्वास्थ्य जांच के बाद पुलिस दल कैदियों को वापस जेल ले जा रहा था, तभी उनमें से नसीब सिंह नाम के एक कैदी ने हथकड़ी लगे होने के बावजूद कथित तौर पर भागने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, अस्थमा से पीड़ित कांस्टेबल जसदीप सिंह, नसीब सिंह के साथ ई-रिक्शा में एम्बुलेंस की ओर जा रहे थे, तभी कैदी ने भागने का प्रयास किया।

जसदीप ने उसे पकड़ लिया, लेकिन नसीब सिंह ने कथित तौर पर धारदार हथियार से कांस्टेबल पर हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे, हाथ और पैर पर चोटें आईं।

मलिक ने अस्पताल में पत्रकारों को बताया, ‘‘हाथापाई के दौरान कैदी ने कांस्टेबल का हथियार छीनने की भी कोशिश की।’’

उन्होंने बताया, ‘‘आत्मरक्षा में और उसे भागने से रोकने के लिए, कांस्टेबल ने पहले जमीन पर चेतावनी के तौर पर एक गोली चलाई, लेकिन आरोपी नहीं रुका और हाथापाई जारी रही। हाथापाई के दौरान दोनों गिर गए, और आरोपी ने फिर से हथियार छीनने की कोशिश की। तब कांस्टेबल ने अपने सर्विस रिवॉल्वर से कई गोलियां चलाईं, जिनमें से कुछ कैदी को लगीं।’’

पुलिस ने बताया कि घायल कैदी को अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई।

भाषा

शफीक पवनेश

पवनेश