नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) भाजपा ने शनिवार को नीट-यूजी 2026 मुद्दे पर सरकार की आलोचना करने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने अनियमितताओं के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की और छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में कथित अनियमितता से जुड़े मामले को लेकर शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करें या खुद जवाबदेही स्वीकार करें।
राहुल गांधी ने यह आरोप भी लगाया कि यह भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विभिन्न संस्थाओं में बैठे इनसे जुड़े लोगों के बीच ‘‘पैसे बनाने के लिए की गई साठगांठ’’ का मामला है।
गांधी के आरोपों के बाद सत्तारूढ़ दल की प्रतिक्रिया आयी है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया और कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा में अनियमितताएं सामने आने के बाद सरकार ने तुरंत सुधारात्मक और दंडात्मक उपाय किए हैं।
भंडारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अनियमितताओं की जानकारी के बाद सरकार ने तुरंत परीक्षा रद्द कर दी और छात्रों पर कोई अतिरिक्त बोझ डाले बिना 21 जून को पुन: परीक्षा की घोषणा की।
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी राजनीतिकरण करना बंद करें। कांग्रेस ने एक बार फिर 22 लाख छात्रों के भविष्य से जुड़े मामले में राजनीति को चुना है।’’
भंडारी ने कहा, ‘‘दूसरों को उपदेश देने से पहले, कांग्रेस को प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा घोटालों के अपने भयावह रिकॉर्ड का जवाब देना होगा।’’
उन्होंने एआईपीएमटी लीक, एसएससी घोटाले, सीबीएसई प्रश्नपत्र लीक समेत कांग्रेस शासित राज्यों में कई भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं सहित पिछली घटनाओं का जिक्र किया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आरोपों के सामने आने के तुरंत बाद केंद्र ने मामला सीबीआई को सौंप दिया था और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान ने सार्वजनिक रूप से इस मुद्दे पर बात करते हुए जिम्मेदारी स्वीकार की थी।
भाषा शफीक माधव
माधव