राजस्थान में बारिश का दौर जारी, अनेक जगह मूसलाधार वर्षा की चेतावनी

Ads

राजस्थान में बारिश का दौर जारी, अनेक जगह मूसलाधार वर्षा की चेतावनी

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 08:53 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 08:53 PM IST

जयपुर, छह जुलाई (भाषा) दक्षिण पश्चिम मानसून के असर से राजस्थान के कई हिस्सों में जोरदार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

विभाग ने राज्य में बारिश की गतिविधियां इस हफ्ते जारी रहने तथा इस दौरान कोटा तथा उदयपुर संभागों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी दी।

राज्य में सोमवार को जोधपुर में 21.4 मिलीमीटर, दौसा में 20.4 मिलीमीटर, जवाई डेम (पाली) में 15 मिलीमीटर, चित्तौड़गढ़ में 13 मिलीमीटर एवं झुंझुनू में 11.2 मिलीमीटर बारिश हुई। कई और जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।

मौसम केंद्र (जयपुर) के प्रवक्ता ने बताया कि पूर्वी भारत में बना निम्न दबाव का क्षेत्र आज दक्षिण-पूर्वी झारखंड एवं उत्तरी उड़ीसा के आसपास पहुंच गया तथा अगले 24 घंटों में उसके दक्षिणी झारखंड, उत्तरी उड़ीसा एवं छत्तीसगढ़ से होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है।

केंद्र के मुताबिक इसके असर से राज्य के पूर्वी भागों में अगले चार-पांच दिन मानसून सक्रिय रहने तथा अधिकांश भागों में हल्की-मध्यम बारिश एवं कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

केंद्र के अनुसार छह से नौ जुलाई तक दक्षिण-पूर्वी एवं पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा संभागों तथा आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

केंद्र का कहना है कि इसी तरह पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में सात-आठ जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। हालांकि 10 जुलाई से राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होगी।

भाषा पृथ्वी राजकुमार

राजकुमार