जयपुर, 14 मई (भाषा) केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ईंधन बचाने का संदेश देने के लिए बीकानेर में रेलवे स्टेशन से अपने घर तक का सफर ई-रिक्शा से तय किया।
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मेघवाल दिल्ली से बीकानेर रेलवे स्टेशन पहुंचे और उन्होंने यहां से घर जाने के लिए गाड़ियों के काफिले के बजाय ई-रिक्शा का उपयोग किया।
मंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा, “बचत देश की, सुरक्षा पर्यावरण की। आज बीकानेर आगमन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के आह्वान के परिप्रेक्ष्य में ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण करने एवं सार्वजनिक परिवहन माध्यम अपनाने के संदेश को आगे बढ़ाते हुए ई-रिक्शा से यात्रा की।”
उन्होंने कहा, “वर्तमान समय में स्वच्छ ऊर्जा अपनाना और ईंधन बचाना केवल विकल्प नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। आइए, हम सभी मिलकर पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाए।”
प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान के मद्देनजर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है और मुख्य सचिव, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों तथा जन प्रतिनिधियों को पेट्रोल एवं डीजल बचाने के लिए अपने काफिलों में गाड़ियों की संख्या सीमित रखने का निर्देश दिया गया है।
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भी आम जन से ईंधन संरक्षण के लिए स्वत: प्रेरणा से कम से कम वाहनों के उपयोग और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग का आह्वान किया है।
उन्होंने स्वयं इस पर पहल करते हुए अपने आधिकारिक काफिले में वाहनों की संख्या भी कम कर दी है।
बृहस्पतिवार को लोकभवन से हवाई अड्डा जाते समय उन्होंने अपने काफिले के साथ पायलट कार, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और दूसरे वाहनों का उपयोग मना कर दिया। भाषा पृथ्वी मनीषा जितेंद्र
जितेंद्र