रवि तमिलनाडु के प्रति भाजपा के इरादों की लगातार याद दिलाते रहे : द्रमुक सांसद ने कसा तंज

Ads

रवि तमिलनाडु के प्रति भाजपा के इरादों की लगातार याद दिलाते रहे : द्रमुक सांसद ने कसा तंज

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 11:42 AM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 11:42 AM IST

चेन्नई, छह मार्च (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सांसद पी. विल्सन ने शुक्रवार को कहा कि तमिलनाडु के निवर्तमान राज्यपाल आर एन रवि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इस राज्य के प्रति इरादों की लगातार याद दिलाते रहे हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जहां भी रवि को राज्यपाल के पद पर नियुक्त किया गया, वहां संविधान की अनदेखी हुई।

वरिष्ठ अधिवक्ता ने पांच मार्च की देर रात हुए घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए शुक्रवार को ये टिप्पणियां कीं, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया।

व्यंग्यात्मक लहजे में राज्यसभा सदस्य विल्सन ने कहा, ‘‘मुझे दो बातों का दुख है – पहली यह कि द्रमुक आगामी चुनावों में एक स्टार प्रचारक को खो रही है। आर एन रवि तमिलनाडु को लेकर भाजपा के इरादों की लगातार याद दिलाते थे।’’

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी बात मुझे पश्चिम बंगाल के लोगों और अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस में मेरे अच्छे दोस्तों के लिए दुख है।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘जहां भी वह (आर एन रवि) जाते हैं, संविधान, संघीय ढांचा और संसदीय लोकतंत्र को नुकसान पहुंचता है।’’

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा बृहस्पतिवार देर रात की गई प्रमुख नियुक्तियों के अंतर्गत तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल और लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर तमिलनाडु के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करेंगे।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा