रांची, 26 सितंबर (भाषा) मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन आयोग के अंदर मतभेद की सामने आई खबर को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने यहां विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और उनके इस्तीफे की मांग की।
शनिवार को रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर विरोध प्रदर्शन के दौरान, पार्टी कार्यकर्ताओं ने आयोग पर चुनावों में भाजपा को ‘अनुचित लाभ’ पहुंचाने का आरोप लगाया।
राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम दास सिंह ने आरोप लगाया, “बिहार, बंगाल और अन्य राज्यों में जन भावनाएं भाजपा के खिलाफ थीं। लेकिन सीईसी ज्ञानेश कुमार ने चुनावों को प्रभावित करने और भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूचियों में हेरफेर कराया।”
उन्होंने कुमार से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
यह घटनाक्रम ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक खबर के बाद सामने आया, जिसमें दावा किया गया था कि निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार उन फैसलों और आदेशों पर आधिकारिक तौर पर आपत्ति जताई थी, जो उनकी जानकारी के बिना जारी किए गए थे, जबकि एसआईआर का राष्ट्रीय स्तर पर क्रियान्वयन पूर्ण आयोग की देखरेख में हो रहा था।
राजद नेता सिंह ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बिहार में करीब 65 लाख और बंगाल में करीब 27 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए।
राजद की उपाध्यक्ष अनीता यादव ने आरोप लगाया, ‘राजनीतिक दलों की ओर से ईवीएम की विश्वसनीयता पर बार-बार सवाल उठाए जाने के बावजूद कुमार पूरी तरह उदासीन रहे। उन्होंने न केवल एसआईआर प्रक्रिया और ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की, बल्कि मतदान हो जाने के बाद वोट प्रतिशत में बदलाव की साजिश भी रची।”
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश