जम्मू, 19 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में सेना ने एक ड्रोन बरामद किया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि एक सप्ताह के भीतर इस सीमावर्ती जिले में ड्रोन बरामद होने की यह दूसरी घटना है।
अधिकारियों ने कहा कि इस बरामदगी के बाद सीमा पार से तस्करी और घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और जांच तेज कर दी है।
उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात प्रादेशिक सेना के जवानों ने पुरमंडल क्षेत्र के संगर के खेतों से संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया।
अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कहां से आया है, उसकी तकनीकी विशेषताएं क्या है और क्या इसका इस्तेमाल किसी सीमा पार गतिविधि में किया गया था।
इससे पहले 14 जुलाई को भी देवक गांव के पास एक खुले मैदान से एक ड्रोन बरामद किया गया था।
भाषा गोला शोभना
शोभना