ईटानगर, 11 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ताई तागाक को बृहस्पतिवार को अरुणाचल प्रदेश की एकमात्र राज्यसभा सीट से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचन अधिकारी एवं अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के सचिव तादार मीना ने उम्मीदवारी वापसी की अंतिम समय अवधि अपराह्न तीन बजे तक किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं होने के कारण तागाक को निर्वाचित घोषित किया।
विधानसभा सचिवालय ने सूचना में बताया कि चूंकि केवल एक ही नामांकन दाखिल हुआ था और निर्धारित समय सीमा से पहले कोई वापसी नहीं हुई, इसलिए लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 और निर्वाचन संचालन नियम, 1961 के प्रावधानों के तहत तागाक को निर्विरोध निर्वाचित करने की घोषणा की गई।
विधानसभा के नोकमे नामती सभागार में आयोजित एक समारोह में नवनिर्वाचित सांसद को आधिकारिक निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा गया।
बाद में तागाक ने विधानसभा अध्यक्ष टेसम पोंगते से मुलाकात की जिन्होंने उन्हें राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने पर बधाई दी और नयी जिम्मेदारियों में सफलता की कामना की।
मौजूदा राज्यसभा सदस्य नबाम रेबिआ का कार्यकाल 23 जून को समाप्त होने वाला है, ऐसे में यह चुनाव जरूरी हो गया था।
भाषा
खारी नरेश
नरेश