हैदराबाद, 16 मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने शनिवार को कहा कि उन्होंने पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामले का सामना कर रहे अपने बेटे बंडी भगीरथ को पुलिस के समक्ष पेश होने और जांच में सहयोग करने को कहा है।
मंत्री का यह बयान तेलंगाना उच्च न्यायालय द्वारा मामले में भगीरथ को अंतरिम राहत देने से इनकार किये जाने के एक दिन बाद आया है।
बंडी संजय कुमार ने एक बयान में कहा कि उन्होंने पिछले सप्ताह शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद बेटे से पुलिस के साथ सहयोग करने के लिए कहा था।
केंद्रीय मंत्री ने हालांकि कहा कि भगीरथ बार-बार कह रहा है कि उसने कोई गलत काम नहीं किया है और अपने वकीलों के समक्ष इस संबंध में पुख्ता सबूत पेश किये हैं।
बंडी संजय के मुताबिक, वकीलों का मानना था कि मामला खारिज कर दिया जाएगा और भगीरथ को जमानत मिल जाएगी, जिसके कारण देरी हुई।
पुलिस ने भगीरथ के खिलाफ आठ मई को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और बच्चों का यौन अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। शिकायत 17 वर्षीय लड़की की मां ने दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि भगीरथ के उसकी बेटी के साथ संबंध थे और उसने लड़की का यौन उत्पीड़न किया है।
भाषा धीरज माधव
माधव