तिरूवनंतपुरम, छह जुलाई (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने सोमवार को कहा कि सच्ची आध्यात्मिकता संकट में घिरे लोगों को अपनाने में है। उन्होंने शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण विश्व की दृष्टि को बढ़ावा देने के लिए यहां के शांतिगिरी आश्रम की सराहना की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, शांतिगिरी आश्रम के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु करुणाकर गुरु की जन्म शताब्दी के मौके पर आयोजित ‘विश्वशांति संदेश यज्ञ’ का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु की शिक्षाओं ने लोगों को आध्यात्मिक रूप से जागरूक होने और उम्मीद के साथ जीने के लिए प्रेरित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु ने आध्यात्मिक जागरूकता के नये आयाम खोले और जरूरतमंदों को भोजन कराने, स्वास्थ्य सेवा और आध्यात्मिक ज्ञान जैसी परोपकारी पहल के जरिए सार्वभौमिक शांति और प्रेम का संदेश फैलाया।
प्रथम और द्वितीय विश्व युद्धों से हुई भारी तबाही तथा उस समय व्याप्त व्यापक गरीबी का उल्लेख करते हुए सतीशन ने दुनिया भर में वर्तमान में चल रहे संघर्षों पर चिंता व्यक्त की।
बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि समाज केवल गुरु के सार्वभौमिक मानवतावाद और प्रेम के संदेश को अपनाकर ही ऐसे संकट पर विजय पा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) द्वारा प्रदान की जा रही संभावनाएं भी इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप