तमिल अभिनेता-निर्देशक के. भाग्यराज का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया

Ads

तमिल अभिनेता-निर्देशक के. भाग्यराज का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 04:15 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 04:15 PM IST

चेन्नई, 28 जून (भाषा) तमिल फिल्मकार, अभिनेता और पटकथा लेखक के. भाग्यराज का रविवार को यहां बेसेंट नगर स्थित शवदाह गृह में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनका 27 जून को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।

बहुआयामी प्रतिभा के धनी कलाकार भाग्यराज (73) को तमिल सिनेमा के ‘पटकथा के राजा’ के रूप में जाना जाता था। उन्होंने एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।

अभिनेता को सुबह की सैर के बाद सीने में दर्द की शिकायत होने पर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन होश में लाने के प्रयास विफल रहे।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने घोषणा की थी कि अभिनेता की स्थायी विरासत और फिल्म उद्योग में उनके योगदान के सम्मान में उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

फिल्मकार के पार्थिव शरीर को उनके नुंगम्बाक्कम स्थित आवास पर रखा गया था, जहां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए लोग आए।

मुख्यमंत्री विजय, सुपरस्टार रजनीकांत, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प्रमुख एम के स्टालिन और अन्य राजनीतिक नेताओं तथा फिल्मी हस्तियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

दिवंगत अभिनेता के प्रति एकजुटता और सम्मान प्रकट करते हुए, तमिल फिल्म बिरादरी ने रविवार के लिए शूटिंग के अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।’

अभिनेता भाग्यराज के परिवार में उनकी पत्नी और अभिनेत्री पूर्णिमा, पुत्र अभिनेता शांतनु और पुत्री शरण्या हैं।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप