नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) दिल्ली छावनी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक डंपर ट्रक की दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस से भिड़त हो गई। इस घटना में ट्रक में सवार दो लोग घायल हो गए जबकि बस चालक के पैर में ‘फ्रैक्चर’ हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना धौला कुआं की ओर दिल्ली छावनी फ्लाईओवर के पास थिरैया यातायात सिग्नल के पास हुई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना के संबंध में दिल्ली कैंट थाने में सुबह लगभग 8:23 बजे सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घायलों को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि ट्रक उत्तर प्रदेश निवासी 26 वर्षीय प्रीतम चला रहा था और इस गाड़ी में बिहार के रहने वाले सनोज (28) और रोशन (18) सवार थे।
अधिकारी ने कहा कि तीनों दिल्ली छावनी बोर्ड के कर्मचारी थे और दुर्घटना के समय अपनी नियमित ड्यूटी पर थे।
उन्होंने बताया कि टक्कर में प्रीतम और सनोज को मामूली चोटें आईं जबकि दुर्घटना के बाद रोशन की भी जांच की गई।
अधिकारी के मुताबिक, डीटीसी बस को हरियाणा के सोनीपत निवासी 45 वर्षीय कश्मीरी सिंह चला रहे थे। उनके पैर में ‘फ्रैक्चर’ हो गया है।
अधिकारी ने कहा कि डीटीसी बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित पाए गए और किसी भी यात्री को चोट या अन्य नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
इससे पहले, पुलिस ने कहा था कि टक्कर के बाद दोनों चालकों को अस्पताल ले जाया गया और उनकी ‘मेडिको-लीगल केस’ (एमएलसी) रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की पूछताछ की जाएगी।
पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश