विजयपुरा: झील में एक महिला और उसके पांच बच्चों के शव मिले

Ads

विजयपुरा: झील में एक महिला और उसके पांच बच्चों के शव मिले

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 03:55 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 03:55 PM IST

विजयपुरा (कर्नाटक), 26 अगस्त (भाषा) कर्नाटक में विजयपुरा की भूतनाल झील में बुधवार को एक महिला एवं पांच बच्चे मृत पाये गये। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस को संदेह है कि उन्होंने आत्महत्या की होगी, लेकिन घटना के सही हालात का अभी पता नहीं चल पाया है।

पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबार्गी ने कहा कि आदर्श नगर थानाक्षेत्र में इस झील से शोभा (35) और उसके पांच बच्चों – विद्या (15), सुवर्णा (13), तिप्पराया (12), सानिका (10) और विकास (6) – के शव बरामद किए गए।

निंबार्गी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि वे भूतनाल झील आए थे और शायद उन्होंने आत्महत्या कर ली या ऐसी ही कुछ किया हो। हालांकि, असल हालात का पता फोरेंसिक, एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चलेगा।’’

उन्होंने बताया कि बुधवार पूर्वाह्न करीब पौने नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि झील में छह शव मिले हैं जिसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकाला।

विजयपुरा ग्रामीण थाने में 24 अगस्त को लापता होने का मामला दर्ज किया गया था। शोभा के पति मल्लिकार्जुन जलगेरी ने पुलिस में शिकायत की थी कि घरेलू झगड़े के बाद शोभा बच्चों के साथ घर से चली गई थी।

पुलिस के अनुसार, शोभा सुबह करीब छह बजे चार बच्चों के साथ घर से निकली थी और बाद में एक छात्रावास गई, जहां से वह अपने सबसे छोटे बच्चे, जिसे सुनने में दिक्कत थी, को भी साथ ले गई।

पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘बाद में यह पता लगाने की कोशिश की गयी कि शोभा एवं बच्चे कहां हैं, लेकिन कोई सुराग या जानकारी नहीं मिली क्योंकि वे अपने मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे।’’

शोभा की छह साल से 15 साल तक की तीन बेटियां एवं दो बेटे थे।

निंबार्गी ने कहा कि हो सकता है कि हवा और लहरों की वजह से शव झील में एक तरफ से दूसरी तरफ बहकर चले गये हों। ऐसे में पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच करेगी।

महिला के पति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा,‘‘हम इस मामले की जांच करेंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम है। एफएसएल रिपोर्ट भी अहम है। हम परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों से भी बात करेंगे। इसलिए, हम देखेंगे कि जांच के दौरान क्या सामने आता है।’’

पुलिस के अनुसार शोभा का पति खेतीहर मजदूर है।

पुलिस ने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाये गये हैं तथा मामले की जांच चल रही है।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश