नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) बाहरी दिल्ली के टिकरी कलां क्षेत्र में एक सीएनजी स्टेशन पर गैस भरते समय एक ट्रक का गैस सिलेंडर फटने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गये। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि तीनों मृतक सीएनजी स्टेशन के कर्मी हैं।
अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि अपराह्न 3.37 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
अधिकारी ने कहा कि ट्रक के आसपास खड़े छह लोग विस्फोट की चपेट में आ गये।
पुलिस के मुताबिक, मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सन्नी और चार अन्य लोगों को निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान सन्नी की मौत हो गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीसरे मृतक की पहचान की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि तीन घायलों की हालत गंभीर है।
पुलिस ने कहा कि विस्फोट के सटीक कारण का तुरंत पता नहीं चल पाया है।
भाषा नोमान
नोमान देवेंद्र
देवेंद्र