बिहार में यातायात पुलिस के सिपाही को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत

Ads

बिहार में यातायात पुलिस के सिपाही को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 09:15 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 09:15 PM IST

सासाराम (बिहार), 16 मई (भाषा) बिहार के सासाराम शहर में शनिवार को ट्रैक्टर के टक्कर मारने से यातायात पुलिस के एक सिपाही की मौत हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने कहा कि घटना सुबह करीब आठ बजे हुई, जब सिपाही ने शहर की सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही के लिए निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की रोकथाम के तहत ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया।

एसपी ने कहा, “यातायात की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए शहर में भारी वाहनों पर सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक प्रतिबंध रहता है। इसलिए, जब सिपाही ने एस पी जैन मोड़ के पास ट्रैक्टर देखा, तो चालक को रुकने का इशारा किया।”

उन्होंने कहा, “इसके बजाय चालक ने तेजी से भागने की कोशिश करते हुए यातायात पुलिस के सिपाही को टक्कर मार दी और ट्रैक्टर को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया।”

घायल सिपाही को सासाराम से लगभग 50 किलोमीटर दूर वाराणसी में स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

एसपी ने बताया कि ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है और दोषी चालक की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया है।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश