नयी दिल्ली, 16 जनवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के अलीपुर इलाके में जीटी करनाल रोड पर हिमाचल प्रदेश से घूमकर लौट रहे दो दोस्तों की बृहस्पतिवार तड़के एसयूवी कार पलट जाने से मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान विकासपुरी निवासी कार्तिक कक्कड़ (20) और मध्यप्रदेश के भोपाल निवासी उसके दोस्त यशराज सिद्धू (23) के रूप में हुई है।
बृहस्पतिवार सुबह दोनों दोस्त लाहौल स्पीति घाटी तथा हिमाचल प्रदेश के कसोल सहित अन्य स्थानों से घूमकर चंडीगढ़ होते हुए लौट रहे थे, उस दौरान ही यह घटना घटी।
पुलिस के मुताबिक उन्हें तड़के करीब तीन बजे दुर्घटना की सूचना मिली। अलीपुर थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और पाया कि गाड़ी सोनीपत-दिल्ली रोड के डिवाइडर पर चढ़ी हुई थी।
एक अधिकारी ने बताया कि दोनों व्यक्तियों को पीसीआर वैन द्वारा एसआरएचसी अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह कार ( महिंद्रा थार) कोहरे के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुई है।
पुलिस ने बताया कि कक्कड़ दिल्ली के प्रशांत विहार स्थित एक कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र था और उसके स्नातक मित्र ने हाल ही में कपड़े का व्यवसाय शुरू किया था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘वे 11 जनवरी को शिमला गए थे। शिमला से दोनों अलग-अलग स्थानों पर गए और दिल्ली लौट रहे थे तभी तड़के तीन बजे बकौली गांव के पास जीटी करनाल रोड पर यह दुर्घटना हुई।’
भाषा योगेश रंजन
रंजन