सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार

Ads

सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 04:24 PM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 04:24 PM IST

देहरादून, चार अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड पुलिस ने शनिवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हत्या में शामिल दो और बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि 30 मार्च को मसूरी रोड पर जोहड़ी गांव में हुई घटना में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

जोहड़ी गांव में तुला अपार्टमेंट निवासी जोशी (74) सोमवार सुबह सैर पर निकले थे जहां फार्च्यूनर और स्कॉपियो कार में सवार दो गुटों के बीच गोलीबारी हो गयी और इसी दौरान गोली लगने से पूर्व सैन्य अधिकारी की मौत हो गई थी।

डोबाल ने बताया कि शुक्रवार रात को पुलिस को घटना में शामिल दो आरोपियों – शांतनु त्यागी और काविश हुसैन त्यागी के राजपुर क्षेत्र में स्थित अपने घर से कुछ सामान लेने के लिए वापस आने की सूचना मिली थी।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान, पुलिस को गुनियाल गांव के पास दो युवक दिखाई दिए जो पुलिस की गाड़ी को देखकर सड़क किनारे स्थित खाली प्लॉट की ओर भागने का प्रयास करने लगे। संदेह के आधार पर पुलिस ने उनका पीछा किया और उनमें से एक को दबोच लिया।

डोबाल ने बताया कि दूसरे व्यक्ति को पकड़ने का प्रयास करने पर उसने पुलिस टीम पर दो गोलियां चला दीं जिसके बाद पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गयी और वह घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि घायल बदमाश के कब्जे से पुलिस टीम को एक पिस्तौल, तीन कारतूस और दो खोखे बरामद हुए हैं।

डोबाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान शांतनु त्यागी और उसके घायल साथी की पहचान काविश हुसैन त्यागी के रूप में हुई है।

एसएसपी ने बताया कि काविश हुसैन को पुलिस द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इससे पहले, घटना के संबंध में पुलिस सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

डोबाल ने कहा कि मामले में अभी एक और आरोपी फरार है जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भाषा दीप्ति पवनेश शफीक

शफीक