मराठवाड़ा में बेमौसम बारिश: 230 गांवों में फसलें नष्ट, दो लोगों की मौत

Ads

मराठवाड़ा में बेमौसम बारिश: 230 गांवों में फसलें नष्ट, दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - February 25, 2026 / 03:48 PM IST,
    Updated On - February 25, 2026 / 03:48 PM IST

छत्रपति संभाजीनगर, 25 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से 230 गांवों में फसलों को नुकसान पहुंचा है, जबकि आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

संभागीय आयुक्त कार्यालय द्वारा तैयार की गयी प्राथमिक क्षति रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को बीड, लातूर और नांदेड़ जिलों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि होने से लगभग 19,000 हेक्टेयर क्षेत्र की फसलें प्रभावित हुईं, जिससे 27,000 से अधिक किसानों को नुकसान हुआ।

रिपोर्ट के मुताबिक, लातूर के 136 गांवों, बीड के 53 और नांदेड़ के 41 गांवों ने इस बेमौसम बारिश की मार झेली।

लातूर के उदगीर में 60 वर्षीय दिगंबर बेलकुंडे और नांदेड़ के हिमायतनगर में विशाखा येल्केवाड़ की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। इसके अलावा नांदेड़ और बीड जिलों में चार पशुओं के भी जान गंवाने की सूचना है।

कुल 27,096 किसानों की करीब 18,993 हेक्टेयर में लगी फसल को नुकसान हुआ है। सबसे अधिक क्षति लातूर जिले में दर्ज की गई, जहां 15,516 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र की फसलें प्रभावित हुईं।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 14 कच्चे मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है।

भाषा

राखी राजकुमार

राजकुमार