चेन्नई, छह मार्च (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने कहा कि कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत ‘सफलतापूर्वक समाप्त’ होने का संकेत देने वाला उनके हाथ का इशारा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
अन्ना द्रमुक के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने स्टालिन के इस दावे पर निशाना साधते हुए कहा कि द्रमुक शासन में महिलाओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था समेत सब कुछ ‘‘समाप्त हो गया है।’’
स्टालिन ने पांच मार्च को कार में बैठते समय हाथ से एक इशारा किया था जो दिखाता है कि कांग्रेस के साथ बातचीत पूरी हो गयी है।
उन्होंने कहा, ‘‘आपने वह दृश्य देखा होगा जब समझौता तय होने के बाद मैं कार में बैठने जा रहा था और मैंने हाथ उठाकर इशारा किया कि ‘यह पूरा हो गया’। ऐसा नहीं है कि मैंने पहले से सोच रखा था कि ऐसा इशारा करना है। जब मैं कार की ओर जा रहा था तो वहां मौजूद मीडिया कर्मी लगातार पूछ रहे थे कि क्या बातचीत खत्म हो गई है। तब मैंने हाथ से इशारा कर कहा कि बातचीत पूरी हो गई है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका यह अचानक किया गया हाथ का इशारा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और लोग इसे ‘‘सब तय हो गया’’ कहकर साझा कर रहे हैं।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पलानीस्वामी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री, जिन्हें कानून-व्यवस्था की रक्षा करनी चाहिए, वह इस बात पर गर्व जता रहे हैं कि उनका इशारा वायरल हो गया है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘द्रमुक शासन में कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक न्याय- सब कुछ खत्म हो गया है।’’
इससे पहले चार मार्च की देर रात पार्टी मुख्यालय अन्ना अरिवालयम में द्रमुक और कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे का समझौता तय किया। इससे उन अटकलों पर विराम लग गया कि सत्ता में हिस्सेदारी की मांग के कारण दोनों दलों का गठबंधन टूट सकता है।
कई दौर की बातचीत के बाद द्रमुक ने कांग्रेस को 28 विधानसभा सीटें और 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए एक सीट देने पर सहमति जताई।
बैठक के बाद जब स्टालिन वहां से निकल रहे थे, तब उन्होंने मीडिया के सवालों के जवाब में हाथ से इशारा किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया गया।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा