प्रधानमंत्री मोदी के इस्तीफे की मांग के बाद विजयेन्द्र ने किया सिद्धरमैया पर पलटवार

Ads

प्रधानमंत्री मोदी के इस्तीफे की मांग के बाद विजयेन्द्र ने किया सिद्धरमैया पर पलटवार

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 03:54 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 03:54 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

बेंगलुरु, 16 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेन्द्र ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को अगर लगता है कि ईंधन के दामों में मौजूदा बढ़ोतरी की वजह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस्तीफा दे देना चाहिए तो उन दोनों को दो वर्ष पहले ही अपने-अपने पदों से हट जाना चाहिए था।

सिद्धरमैया ने पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी की निंदा करते हुए बढ़े दाम वापस लेने और मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि वह अर्थव्यवस्था को संभालने में विफल रहे हैं तथा उन्होंने आम लोगों को गहरी समस्याओं में धकेल दिया है।

विजयेन्द्र ने यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिद्धरमैया की मांग पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “क्या कांग्रेस और देश के दूसरे विपक्षी दल यह नहीं जानते कि पेट्रोल और डीजल के दाम क्यों बढ़े हैं? अगर सिद्धरमैया और शिवकुमार पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी के लिए प्रधानमंत्री मोदी का इस्तीफा मांग रहे हैं तो उन दोनों को दो साल पहले इस्तीफा दे देना चाहिए था।”

उन्होंने कहा कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने बिना कोई कारण बताए करों में बढ़ोतरी करके पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए हैं।

विजयेंद्र ने कहा, “उन्होंने (कर्नाटक सरकार) चार से पांच बार ऐसा किया। इस हिसाब से तो सिद्धरमैया को भी इस्तीफा देना चाहिए था। दुनिया और देश में तनावपूर्ण हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री ने कुछ सलाह दी है।”

पश्चिम एशिया संकट के बीच शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। चार साल से अधिक समय बाद यह बढ़ोतरी की गई है।

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल