पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण बिजली संकट उत्पन्न हुआ: केरल के मंत्री कृष्णनकुट्टी

Ads

पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण बिजली संकट उत्पन्न हुआ: केरल के मंत्री कृष्णनकुट्टी

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 03:37 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 03:37 PM IST

पलक्कड़, 27 अप्रैल (भाषा) केरल के बिजली मंत्री के. कृष्णनकुट्टी ने सोमवार को राज्य में बिजली संकट का कारण पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच रसोई गैस (एलपीजी) की कमी के कारण बिजली की खपत में वृद्धि को बताया।

उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि बारिश से स्थिति में सुधार लाने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने कहा कि रसोई गैस की कमी के कारण इंडक्शन कुकर पर निर्भरता बढ़ गई है जिससे पूरे राज्य में बिजली की खपत में काफी वृद्धि हुई है।

मंत्री ने यहां मीडिया से कहा, ‘युद्ध समाप्त होना चाहिए और बारिश होनी चाहिए। यही उम्मीद है।’ उन्होंने कहा कि एक दिन की भी अच्छी बारिश से काफी राहत मिल सकती है।

कृष्णनकुट्टी ने कहा कि नियामक आयोग द्वारा संकट से निपटने के लिए एक अस्थायी उपाय के रूप में राज्य के बाहर से अतिरिक्त बिजली खरीदने की अनुमति दी गई है।

हालांकि, उन्होंने कहा कि बिजली की दरों में वृद्धि होगी या नहीं, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि बारी-बारी से बिजली कटौती नहीं होगी।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश