मप्र : कार से मिले एक करोड़ रुपये, 20 लाख लेकर छोड़ने के आरोपी चार पुलिसकर्मी निलंबित

Ads

मप्र : कार से मिले एक करोड़ रुपये, 20 लाख लेकर छोड़ने के आरोपी चार पुलिसकर्मी निलंबित

  •  
  • Publish Date - March 22, 2026 / 06:45 PM IST,
    Updated On - March 22, 2026 / 06:45 PM IST

भोपाल, 22 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के एक कारोबारी की कार से जांच के दौरान एक करोड़ रुपये मिलने और कथित तौर पर 20 लाख रुपये लेने के बाद उसे छोड़ने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 19 मार्च को गुना जिले के धरनावद पुलिस थाने के तहत रुठियाई चौकी इलाके में हुई।

अधिकारी ने बताया कि गुजरात में पंजीकृत एक एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) को जांच के लिए रोका गया और तलाशी के दौरान उसमें से एक करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई।

उन्होंने कहा कि कानूनी कार्रवाई शुरू करने के बजाय, पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर व्यवसायी के साथ सौदा किया और 20 लाख रुपये लेने के बाद वाहन को छोड़ दिया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मियों ने बिना किसी कागजी कार्रवाई या आयकर विभाग को सूचित किए 80 लाख रुपये वापस भी कर दिए।

ग्वालियर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”घटना शनिवार को मेरी जानकारी में आई। मैंने तुरंत अपने उप महानिरीक्षक (डीआईजी) को भेजा और प्रारंभिक जांच के बाद, चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया क्योंकि मामले से निपटने के दौरान उन्होंने नियमों का पालन नहीं किया।’

उन्होंने बताया कि शिवपुरी जिले के आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ घटना की विस्तृत जांच करेंगे।

अधिकारी ने बताया कि इस मामले में धरनावद थाने के प्रभारी प्रभात कटारे, रूठियाई चौकी के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक साजिद हुसैन, हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह सिकरवार और कांस्टेबल सुंदर रमन को निलंबित कर दिया गया है।

अधिकारी ने कहा, ‘ पुलिसकर्मियों को नकदी का वीडियो बनाने के बाद उसे जब्त कर लेना चाहिए था और आयकर विभाग को सूचित करना चाहिए था क्योंकि यह राशि 10 लाख रुपये से अधिक थी।’

उन्होंने बताया कि 10 लाख रुपये से कम की नकदी के लिए, भारतीय न्याय संहिता के तहत पुलिस को कार्रवाई करने और धनवाहक को हिरासत में लेने का अधिकार है तथा सक्षम अदालत इस मामले का फैसला करती है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि गुजरात से एक फोन कॉल आने के बाद इस मुद्दे ने नया मोड़ ले लिया, जिसके बाद 20 लाख रुपये भी कारोबारी को वापस कर दिए गए।

इस कथित लेनदेन के बारे में चर्चा सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सामने आया, जिसके बाद मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया।

भाषा

सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत