केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने देश के पहले ‘समृद्धि केंद्र’ का किया उद्घाटन

Ads

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने देश के पहले ‘समृद्धि केंद्र’ का किया उद्घाटन

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 03:04 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 03:04 PM IST

भोपाल, 15 मार्च (भाषा) केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्यप्रदेश के गुना जिले के उमरी गांव में देश के पहले समृद्धि केंद्र का उद्घाटन किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान में कहा गया कि दूरसंचार विभाग की ‘समृद्ध ग्राम फिजिटल सेवाएं’ पहल के अंतर्गत स्थापित यह देश का पहला ऐसा केंद्र है, जहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और कृषि से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी।

बयान के मुताबिक इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल और भौतिक सेवाओं के एकीकृत माध्यम से समग्र विकास को बढ़ावा देना है।

इस उद्घाटन समारोह के अवसर पर सिंधिया ने शनिवार को केंद्र में उपलब्ध सेवाओं और उपकरणों का स्वयं निरीक्षण किया और वीआर (वर्चुअल रियलिटी) उपकरण पहनकर उनके उपयोग का अनुभव लिया और उपस्थित ग्रामीणों को इन तकनीकों के माध्यम से मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह पहल ग्रामीण भारत को डिजिटल सशक्तिकरण और सेवा सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समृद्धि केंद्र ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगा और भविष्य में इस मॉडल को देश के अन्य गांवों में भी विस्तारित किया जा सकता है।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

भाषा ब्रजेन्द्र

धीरज

धीरज