मुंबई, 21 अप्रैल (भाषा) दिग्गज निर्देशक सूरज बड़जात्या एक बार फिर पारिवारिक मनोरंजन के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। उनकी अगली फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। इस फिल्म में पहली बार आयुष्मान खुराना और शर्वरी की नयी जोड़ी नजर आएगी।
सूरज बड़जात्या के बैनर राजश्री प्रोडक्शंस ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी कर यह घोषणा की।
बयान में कहा गया, ‘हमारे पास एक बड़ी खबर है!! इस नवंबर, ‘राजश्री प्रोडक्शंस’ और ‘महावीर जैन फिल्म्स’ मिलकर बड़े पर्दे पर सूरज आर. बड़जात्या द्वारा निर्देशित एक पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर ‘ये प्रेम मोल लिया’ फिल्म लेकर आ रहे हैं। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शर्वरी मुख्य भूमिका में होंगे। साथ ही इसमें हिमेश रेशमिया का संगीत भी होगा। सिनेमाघरों में 27 नवंबर 2026! तारीख याद रखिएगा!’
बड़जात्या चार साल के लंबे अंतराल के बाद वापसी कर रहे हैं। उनकी पिछली फिल्म ‘ऊंचाई’ (2022) थी, जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला था।
इस फिल्म के साथ ही निर्देशक सूरज बड़जात्या और संगीतकार हिमेश रेशमिया एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं।
आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ से पहले उनकी ‘पति पत्नी और वो दो’ 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जो हास्य से भरपूर एक पारिवारिक फिल्म है।
शर्वरी भी इससे पहले इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में दिलजीत दोसांझ और वेदांग रैना के साथ नजर आएंगी। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश