सिग्नल में खराबी के कारण सीएसएमटी स्टेशन के पास लोकल ट्रेन गलत पटरी पर चली गई

Ads

सिग्नल में खराबी के कारण सीएसएमटी स्टेशन के पास लोकल ट्रेन गलत पटरी पर चली गई

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 05:44 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 05:44 PM IST

मुंबई, 21 अप्रैल (भाषा) मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) स्टेशन के बाहर मंगलवार दोपहर सिग्नल में गड़बड़ी के कारण एक लोकल ट्रेन गलत पटरी पर चली गई और निर्धारित प्लेटफॉर्म के बजाय दूसरे प्लेटफॉर्म की ओर मुड़ गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन आगे जाकर दूसरी ट्रेन से कुछ दूरी पहले रुक गई।

इस घटना के कारण मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर सेवाएं प्रभावित हुईं और ट्रेनों के संचालन में देरी हुई।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बदलापुर जाने वाली ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर चार के बजाय गलती से प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर जाने का सिग्नल दे दिया गया।

उन्होंने कहा, “इसके चलते ट्रेन गलत रूट पर चली गई और प्लेटफॉर्म पर पहले से खड़ी एक अन्य लोकल ट्रेन से करीब 270 मीटर पहले रुकी।”

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि ट्रेन प्लेटफॉर्म से दो सिग्नल पहले ही रुक गई थी।

यह घटना दोपहर तीन बजकर 40 मिनट पर हुई, जिससे मुख्य लाइन पर संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। बाद में ट्रेन को पीछे करके सही मार्ग पर लाया गया, जिसके बाद सेवाएं बहाल कर दी गईं।

नीला ने पीटीआई-भाषा को बताया, “लोकल ट्रेन को पीछे किया गया” और इस दौरान प्लेटफॉर्म पांच से सात तक की ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई थीं।

यह लगातार दूसरा दिन है जब मुख्य लाइन की सेवाएं प्रभावित हुई हैं। एक दिन पहले ठाणे जिले के डोंबिवली स्टेशन के पास कार शेड से निकल रही एक खाली लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया था।

सुबह के व्यस्त समय में सेवाएं 15 से 20 मिनट तक देरी से चलीं और शाम के समय भी देरी जारी रहने की आशंका है।

भाषा राखी मनीषा

मनीषा