ठाणे, दो जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में कुत्तों द्वारा पीछा किए जाने के दौरान नाले में गिरी एक बिल्ली को छह दिन बाद सुरक्षित बचा लिया गया है। एक पशु कल्याण संगठन के पदाधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना पिछले सप्ताह लोकग्राम इलाके में हुई थी।
पदाधिकारी ने कहा, ‘‘नाले की गहराई 30 फीट थी। पशु कल्याण संगठन के अधिकारी उसे रस्सी से बांधकर खाना पहुंचा रहे थे, लेकिन वह खाना नहीं खा रही थी और परेशान थी।’’
संगठन के संस्थापक नीलेश भांगे ने बताया, ‘‘अंत में प्लांट एंड एनिमल वेलफेयर सोसाइटी (पीएडब्ल्यूएस) के स्वयंसेवक अभिषेक सिंह, रीमा देशपांडे तथा गौरव समर्थ एक रस्सी की मदद से नाले में उतरे और बिल्ली को एक टोकरी में रखकर बचा लिया।’’
भाषा
प्रीति धीरज
धीरज