राकांपा नेता रूपाली चाकणकर स्वयंभू बाबा खरात मामले में एसआईटी के समक्ष पेश

Ads

राकांपा नेता रूपाली चाकणकर स्वयंभू बाबा खरात मामले में एसआईटी के समक्ष पेश

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 04:29 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 04:29 PM IST

मुंबई, 10 मई (भाषा) राकांपा नेता रूपाली चाकणकर रविवार को स्वयंभू बाबा अशोक खरात के साथ कथित जुड़ाव के संबंध में पूछताछ के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष पेश हुईं।

खरात को बलात्कार और यौन शोषण के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।

खरात से संबंधों की बात सामने आने के बाद चाकणकर को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और राकांपा की महिला शाखा की प्रमुख के पद से इस्तीफा देना पड़ा।

एक अधिकारी ने बताया कि चाकणकर को नासिक स्थित एसआईटी के समक्ष बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

एसआईटी द्वारा चाकणकर से खरात के साथ उनके संबंधों और आरोपी बाबा द्वारा उनकी बहन के बैंक खाते के कथित दुरुपयोग के बारे में पूछताछ किए जाने की संभावना है।

चाकणकर ने संवाददाताओं से कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगी और पुलिस द्वारा पूछे गए सभी सवालों का जवाब देंगी।

चाकणकर ने कहा कि उन्हें खरात से जोड़ते हुए कई आरोप लगाए गए हैं, और इस संबंध में वह जांचकर्ताओं के साथ सहयोग करेंगी।

इसी बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पाटोले ने दावा किया कि खरात की जान को जेल में खतरा हो सकता है।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राज्य मंत्रिमंडल के चार मंत्री खरात से जुड़े हुए थे। हम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर उन्हें हटाने की मांग करेंगे।’’

पटोले के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि कांग्रेस नेता को अधूरी जानकारी देने के बजाय मंत्रियों के नाम बताने चाहिए।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि खरात हिरासत में सुरक्षित है।

भाषा शफीक नरेश

शफीक

शफीक